home page

टीबी मुक्त अभियान का आगाज, जिले में 10 हजार लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य

 | 
टीबी मुक्त अभियान का आगाज, जिले में 10 हजार लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य


कटिहार, 04 जुलाई (हि.स.)। जिले को क्षय रोग (टीबी) से पूरी तरह मुक्त करने के उद्देश्य से शनिवार को 'टीबी मुक्त अभियान, गाँव-गाँव, शहर-शहर' का भव्य शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी ने कोढ़ा प्रखंड के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर कोलासी से इस महाभियान का उद्घाटन किया। इसके तहत जिले की सभी पंचायतों में स्वास्थ्य मेगा कैंप का आयोजन किया गया है, जिसके माध्यम से पूरे जिले में 10 हजार लोगों की टीबी स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस महाभियान का मुख्य उद्देश्य टीबी की शीघ्र पहचान, समय पर जांच और इलाज के प्रति लोगों को जागरूक करना है। जिला स्वास्थ्य समिति के अनुसार, हर पंचायत में प्रतिदिन 40 लोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी। संदिग्ध रोगियों की पहचान कर उनका डेटा अनिवार्य रूप से निक्षय पोर्टल पर संधारित किया जाएगा। सबसे अहम पहल यह है कि जांच में पॉजिटिव पाए जाने वाले टीबी मरीजों को जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों तथा कर्मियों द्वारा उचित पोषण के लिए 'फूड-बास्केट' प्रदान किया जाएगा।

इन स्वास्थ्य मेगा कैंपों में आमजन को केवल टीबी की जांच ही नहीं, बल्कि एक ही छत के नीचे कई अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी सुलभ कराई जा रही हैं। इनमें गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, आवश्यक दवाइयों का वितरण, स्वास्थ्य परामर्श, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, नियमित टीकाकरण और परिवार कल्याण जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

जिले में बने माइक्रोप्लान के अनुरूप इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ ग्रामीण विकास, पंचायती राज, शिक्षा, शहरी विकास विभाग और जीविका का समन्वय स्थापित किया गया है। शनिवार को जिला स्तर के साथ-साथ प्रखंडों में बीडीओ, सीडीपीओ, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा भी इसका उद्घाटन किया गया। आशा, एएनएम और जीविका दीदियों के संयुक्त प्रयास से इस मेगा कैंप का सफलतापूर्वक शुभारंभ संपन्न हुआ।

अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए इसकी कड़ी मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। कटिहार जिलाधिकारी द्वारा प्रतिदिन शाम को जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों और संबंधित कर्मियों के साथ अभियान की प्रखंडवार उपलब्धियों की गहन समीक्षा की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह