home page

सुपौल में टीबी मुक्त भारत अभियान तेज, 100 प्रतिशत स्क्रीनिंग का लक्ष्य

 | 
सुपौल में टीबी मुक्त भारत अभियान तेज, 100 प्रतिशत स्क्रीनिंग का लक्ष्य


सुपौल, 09 जुलाई (हि.स.)। जिले को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अभियान को मिशन मोड में तेज कर दिया है। गुरुवार को समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर 100 प्रतिशत टीबी स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप टीबी स्क्रीनिंग, एक्स-रे, टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (टीपीटी), डिफरेंशिएटेड टीबी केयर, निश्चय मित्र योजना तथा फूड बास्केट वितरण जैसे सभी संकेतकों पर शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। डीएम ने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, जीविका के प्रखंड प्रबंधक, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी तथा बाल विकास परियोजना पदाधिकारी संयुक्त रूप से अभियान की नियमित निगरानी करेंगे। साथ ही स्क्रीनिंग कार्य का लगातार निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी पात्र व्यक्ति जांच से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि विकास मित्र, आंगनबाड़ी सेविकाएं, जीविका दीदियां, कृषि सलाहकार तथा पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि ग्रामीण स्तर पर लोगों को टीबी जांच के प्रति जागरूक करेंगे। वहीं आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर संभावित टीबी मरीजों और उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान करने, उन्हें स्क्रीनिंग केंद्र तक लाने तथा टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक में बताया गया कि तय कार्ययोजना के अनुसार प्रत्येक चलंत चिकित्सा दल प्रतिदिन कम से कम 150 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग करेगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को मिशन मोड में अभियान चलाने और सभी लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश देते हुए विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से सुपौल जिला टीबी उन्मूलन की दिशा में उल्लेखनीय सफलता हासिल करेगा।

बैठक में उप विकास आयुक्त सारा असरफ, सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहेब झा सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र