home page

बीमारी के खामोश खतरे पर प्रहार, किशनगंज में स्क्रीनिंग अभियान तेज

 | 
बीमारी के खामोश खतरे पर प्रहार, किशनगंज में स्क्रीनिंग अभियान तेज


किशनगंज, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने स्क्रीनिंग अभियान तेज कर दिया है।

जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत लोगों की जांच कर उन्हें समय पर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार से जोड़ने की पहल की जा रही है। उच्च रक्तचाप और मधुमेह की स्क्रीनिंग निर्धारित लक्ष्य के 75 प्रतिशत से अधिक पहुंच चुकी है। वहीं, कैंसर सहित अन्य बीमारियों की जांच में तेजी लाने की जरूरत है।

बुधवार को सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि गैर-संचारी रोगों की समीक्षा के दौरान कुल 6,32,100 के निर्धारित लक्ष्य के आलोक में स्क्रीनिंग की प्रगति सामने आई है। उच्च रक्तचाप के लिए 4,79,150 लोगों की जांच की गई है, जो लक्ष्य का 75.8 प्रतिशत है। इसी तरह मधुमेह के लिए 4,78,327 लोगों की स्क्रीनिंग पूरी हो चुकी है, जो लक्ष्य का 75.67 प्रतिशत है। अन्य बीमारियों की जांच में सीओपीडी के लिए 2,81,916 लोगों की स्क्रीनिंग हुई है, जो लक्ष्य का 44.6 प्रतिशत है।नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज (एनएएफएलडी) के लिए 2,58,649 लोगों की जांच की गई है।

ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग 63,372 लोगों तथा सर्वाइकल कैंसर की जांच 24,085 लोगों की हुई है। इन दोनों श्रेणियों में क्रमशः 10.03 और 3.81 प्रतिशत लक्ष्य हासिल हुआ है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है।

एनसीडीओ डॉ. उर्मिला कुमारी ने पीएचसी किशनगंज में टीबी, एनीमिया, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग और लैंगिक उत्पीड़न जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया। इसका उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों को शुरुआती लक्षणों की पहचान, उचित परामर्श और जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने में सक्षम बनाना है।

स्वास्थ्य विभाग का जोर जांच से वंचित लोगों तक पहुंचने के साथ चिन्हित मरीजों को आगे की जांच, उपचार और नियमित फॉलोअप से जोड़ने पर है।

अधिकारियों के अनुसार, समय पर बीमारी की पहचान से गंभीर जटिलताओं का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है। निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति के लिए अभियान को और गति देने की दिशा में प्रयास जारी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह