home page

गंगा स्वच्छता का संकल्प लेकर सिपाही घाट पर जुटे अधिकारी, युवा और स्वच्छता कर्मी

 | 
गंगा स्वच्छता का संकल्प लेकर सिपाही घाट पर जुटे अधिकारी, युवा और स्वच्छता कर्मी


बक्सर, 02 अक्टूबर (हि.स.)।

‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ कार्यक्रम के तहत जिला गंगा समिति के तत्वावधान में गुरुवार को गंगा तट स्थित सिपाही घाट पर व्यापक स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिला गंगा समिति की अध्यक्ष सह जिला पदाधिकारी साहिला की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक पदाधिकारियों, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य कर्मियों, युवाओं, विद्यालयों के खेल शिक्षकों तथा रूद्रा गुरुकुल समूह के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान गंगा योग, गंगा स्वच्छता शपथ, हस्ताक्षर अभियान, गंगा स्वच्छता सम्मान, गंगा स्वच्छता दौड़ और मानव रंगोली सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान उपस्थित लोगों ने गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि बक्सर गंगा तटवर्ती जिला है और यहां गंगा लोगों के जीवन से गहराई से जुड़ी हुई है। गंगा की स्वच्छता और अविरलता बनाए रखना किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से गंगा तट को स्वच्छ रखने और अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर श्रावणी मेला सहित विभिन्न जिला स्तरीय आयोजनों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान देने वाले स्वच्छता कर्मियों और पदाधिकारियों को जिला गंगा समिति की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों की सहभागिता रही।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, जेल अधीक्षक, प्रभारी नोडल पदाधिकारी नमामि गंगे, नगर कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, समाहरणालय कर्मी, मीडिया कर्मी एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra