home page

संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिजन ने लगाया हत्या का आरोप

 | 
संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिजन ने लगाया हत्या का आरोप


भागलपुर, 20 मार्च (हि.स.)। जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कोलाखुर्द गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 24 वर्षीय भोलू यादव पिता स्वर्गीय अशोक यादव के रूप में हुई है। परिजन के अनुसार, बीती शाम गांव के ही कुछ लोग भोलू यादव को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि उसे किसी अज्ञात स्थान पर ले जाकर कुछ पिलाया गया और उसके साथ मारपीट भी की गई।

परिवार का कहना है कि बाद में ज्ञानदेव कापरी ने फोन कर सूचना दी कि भोलू यादव की हालत गंभीर है और उसकी सांस नहीं चल रही है। इसके बाद ज्ञानदेव कापरी और मनीष पासवान उर्फ मनसो द्वारा उसे सड़क दुर्घटना का मामला बताते हुए मायागंज अस्पताल में देर रात भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजन का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती कराने के बाद दोनों व्यक्ति वहां से फरार हो गए। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां युवक को मृत देखकर कोहराम मच गया। मृतक के भाई निर्मल कुमार यादव शुक्रवार को बताया कि ज्ञानदीप कापरी, अमित यादव, मनीष पासवान उर्फ मनसो और लालू यादव सभी कोलाखुर्द निवासी ने साजिश के तहत उनके भाई को बुलाकर कुछ खिलाया-पिलाया और उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जगदीशपुर थाना अध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि मृतक ट्रैक्टर मालिक थे और खुद वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर