डुमरिया दियारा से युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका
कटिहार, 06 सितंबर (हि.स.)। कुरसेला थाना क्षेत्र की मुरादपुर पंचायत के वार्ड संख्या छह स्थित डुमरिया दियारा में रविवार को 25 वर्षीय मोहम्मद तबारक का शव बरामद किया गया। शव बांसबिट्टा के पास बने एक मचान के समीप मिला। प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से गला रेतकर युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलने पर कुरसेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
मृतक के चचेरे भाई मोहम्मद जिबराइल ने प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर तबारक की हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है। हालांकि, घटना के कारणों और इसमें संलिप्त लोगों के बारे में पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले में सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

