home page

किशनगंज में छात्रवृत्ति घोटाले की आशंका, इंजीनियरिंग संस्थान पर एफआईआर दर्ज

 | 
किशनगंज में छात्रवृत्ति घोटाले की आशंका, इंजीनियरिंग संस्थान पर एफआईआर दर्ज


किशनगंज, 07 जुलाई (हि.स.)। किशनगंज में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की छात्रवृत्ति योजनाओं में कथित अनियमितता को लेकर एक शिक्षण संस्थान के खिलाफ सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) के माध्यम से छात्रवृत्ति वितरण में फर्जीवाड़े से जुड़ा है।

पुलिस ने अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहायक निदेशक की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों का भौतिक सत्यापन कराया गया था।

जांच के दौरान कुल 12 संदिग्ध संस्थानों का निरीक्षण किया गया। सत्यापन में 10 संस्थानों के छात्र-छात्राएं वास्तविक पाए गए, जबकि एक संस्थान से अनियमित रूप से प्राप्त छात्रवृत्ति राशि की वसूली कर ली गई। जांच रिपोर्ट में केसी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में 85 छात्र-छात्राओं का रिकॉर्ड फर्जी पाए जाने का दावा किया गया है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संस्थान के आईएनओ-एचओआई (संस्थागत नोडल अधिकारी-संस्थान प्रमुख) ने छात्रवृत्ति योजना का अनुचित लाभ लेने के उद्देश्य से एनएसपी पोर्टल पर गलत एवं भ्रामक जानकारी दर्ज की। इसके माध्यम से कथित रूप से अयोग्य एवं फर्जी छात्र-छात्राओं को सरकारी छात्रवृत्ति का लाभ दिलाया गया। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार ऐसे मामलों में संबंधित संस्थान के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने का प्रावधान है।

साथ ही, संस्थान द्वारा अनुशंसित फर्जी एवं अयोग्य छात्रों को दी गई छात्रवृत्ति राशि की शत-प्रतिशत वसूली भी संस्थान से किए जाने का नियम है। सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह