home page

विभिन्न पंचायतों में 'सहयोग शिविर' का आयोजन, डीएम और एसएसपी ने जगदीशपुर में किया निरीक्षण

 | 
विभिन्न पंचायतों में 'सहयोग शिविर' का आयोजन, डीएम और एसएसपी ने जगदीशपुर में किया निरीक्षण


भागलपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिला अंतर्गत विभिन्न पंचायतों में मंगलवार को जन-समस्याओं के समाधान के लिए विशेष 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया।

इस शिविर के माध्यम से आम लोगों की शिकायतों और समस्याओं को सुनते हुए संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही आवश्यक सहायता एवं सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इसी क्रम में, भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने जगदीशपुर प्रखंड के अंतर्गत पुरैनी दक्षिणी पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों शीर्ष अधिकारियों ने शिविर में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहाँ उपस्थित आमजनों से बातचीत कर उनकी सहभागिता की जानकारी ली।

अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों और जन-समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

डीएम ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुँचना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक मुस्तैदी को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर