home page

पंचायत स्तर पर लगा सहयोग शिविर, डीएम व प्रभारी एसपी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

 | 
पंचायत स्तर पर लगा सहयोग शिविर, डीएम व प्रभारी एसपी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं


किशनगंज, 07 जुलाई (हि.स.)। आमजन की समस्याओं का समाधान अब सरकारी कार्यालयों के बजाय पंचायत स्तर पर सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है।

इसी क्रम में मंगलवार को बहादुरगंज प्रखंड की बनगामा पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला स्वयं पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने राजस्व, भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण-पत्र, पेयजल, बिजली तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त सभी आवेदनों का पंजीकरण कर उन्हें संबंधित विभागों को तत्काल भेजा गया, ताकि नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने लोगों से निर्धारित पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायतें और आवेदन दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार समय पर निष्पादन किया जाएगा।

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। सभी मामलों का तय समय-सीमा के भीतर निष्पादन कर शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर से राहत दिलाकर सरकारी सेवाओं को गांव और पंचायत स्तर तक पहुंचाना है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने भी शिविर में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं।

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था एवं पुलिस से जुड़े मामलों में प्राप्त शिकायतों पर पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से पुलिस प्रशासन पर भरोसा रखने और किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत देने की अपील की। शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय मौजूदगी और मौके पर ही शिकायतों के निस्तारण की पहल से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। लोगों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के सहयोग शिविरों के नियमित आयोजन से पंचायत स्तर पर ही अधिकांश जनसमस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह