home page

झाला पंचायत में सहयोग शिविर, डीएम-एसपी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, कई मामलों का मौके पर निपटारा

 | 
झाला पंचायत में सहयोग शिविर, डीएम-एसपी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, कई मामलों का मौके पर निपटारा


किशनगंज, 03 अक्टूबर (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्रों में आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को टेढ़ागाछ प्रखंड की झाला पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए काउंटरों का जायजा लिया तथा आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों ने अपने-अपने काउंटरों पर ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किए। साथ ही पहले से लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की। वहीं, विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभुकों के बीच संबंधित प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया।

इससे ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत मिली। इस अवसर पर डीएम नवीन कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ समाधान करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

प्राप्त आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए और प्रत्येक मामले का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला एवं प्रखंड कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ता है। शिविर में बीडीओ, सीओ, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह