home page

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजन ने लगाया हत्या का आरोप

 | 
नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजन ने लगाया हत्या का आरोप


नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजन ने लगाया हत्या का आरोप


सुपौल, 20 अप्रैल (हि.स.)। जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत छित्ती हनुमान नगर वार्ड संख्या 10 में दहेज को लेकर एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

बताया जा रहा है कि युवती की शादी करीब चार महीने पहले मोहम्मद जमशेद के साथ हुई थी। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग शुरू हो गई।

मृतका के पिता मोहम्मद अब्दुल्ला के अनुसार पहले पंचायत के माध्यम से डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसे किसी तरह जुटाकर दे दिया गया। इसके बावजूद ससुराल पक्ष का लालच खत्म नहीं हुआ और वे लगातार अतिरिक्त पांच लाख रुपये नकद देने का दबाव बनाने लगे।

परिजन का कहना है कि जब उन्होंने असमर्थता जताई और कुछ समय की मोहलत मांगी, तो आरोप है कि पति, सास और भैंसुर ने मिलकर युवती को जहर खिला दिया। परिवार को रविवार रात सूचना मिली कि उनकी बेटी की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब तक परिजन अस्पताल पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत भपटियाही थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।

घटना के बाद से ही आरोपित पति, सास और अन्य परिजन घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश दुबे ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र