सुपौल में अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्ध महिला की मौत
सुपौल, 29 मई (हि.स.)। जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरजापुर पंचायत में शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई।
मृतका की पहचान प्रतापगंज वार्ड संख्या-1 निवासी रामेश्वरी देवी के रूप में हुई है, जो जगदीश रजक की बहन बताई जा रही हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि रामेश्वरी देवी किसी घरेलू काम से अपने घर से निकलकर पड़ोस में जा रही थीं।
इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापगंज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों ने बताया कि रामेश्वरी देवी कबीर पंथ की अनुयायी थीं और साध्वी जीवन व्यतीत कर रही थीं। इसी कारण उनका अंतिम संस्कार कबीर पंथ की परंपराओं के अनुसार किया जाएगा।
इधर, प्रतापगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

