home page

सुपौल में राजस्व कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, विभागीय उदासीनता से बढ़ा आक्रोश

 | 
सुपौल में राजस्व कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, विभागीय उदासीनता से बढ़ा आक्रोश


सुपौल, 29 मार्च (हि.स.)। जिले में राजस्व कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार जारी है, जिससे प्रशासनिक कार्यों पर असर पड़ने लगा है। जहां बड़ी संख्या में राजस्व कर्मचारी एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी लंबित मांगों को लेकर कई बार विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक किसी तरह की ठोस पहल नहीं की गई है।

हड़ताल में शामिल कर्मचारियों ने विभागीय उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने बताया कि वे लंबे समय से सेवा शर्तों में सुधार, वेतन विसंगतियों के समाधान और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर से लगातार अनदेखी की जा रही है।

डिग्री कॉलेज चौक पर चल रहे इस धरना प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार और संबंधित विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की। उनका कहना है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस हड़ताल के कारण आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि राजस्व से जुड़े कई जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं।

फिलहाल विभाग की ओर से हड़ताल समाप्त कराने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष और गहराता जा रहा है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन इस मुद्दे पर कब तक संज्ञान लेता है और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान निकालने के लिए क्या कदम उठाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र