home page

सदर पुलिस के विरोध में नगर परिषद के सफाईकर्मी हड़ताल पर, शहर की सफाई व्यवस्था ठप

 | 
सदर पुलिस के विरोध में नगर परिषद के सफाईकर्मी हड़ताल पर, शहर की सफाई व्यवस्था ठप


सुपौल, 16 मार्च (हि.स.)। सदर थाना पुलिस की कार्रवाई के विरोध में सुपौल नगर परिषद के सफाईकर्मी हड़ताल पर चले गए हैं। सफाईकर्मियों के काम बंद कर देने से शहर की साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है और कई जगह कचरे का ढेर लगने लगा है। इससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि मामला शहर के वार्ड संख्या 22 का है, जहां रविवार को नाला खोदने का काम चल रहा था। इसी दौरान अबू बकर नाम के एक युवक पर आरोप है कि उसने वहां काम कर रहे जेसीबी चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।

घटना के बाद नगर परिषद के कुछ कर्मचारी शिकायत दर्ज कराने के लिए एसटी-एससी थाना पहुंचे।

कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज करने में आनाकानी की। इससे नाराज होकर सफाईकर्मियों ने विरोध स्वरूप थाना गेट के सामने कचरा फेंक दिया।

आरोप है कि इस घटना के बाद पुलिस ने नगर परिषद के क्लर्क असजद आलम, जो बिहार लोकल बॉडीज एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव भी हैं, के घर पर छापेमारी की और मारपीट करते हुए कुल पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के विरोध में नगर परिषद के सफाईकर्मी हड़ताल पर चले गए हैं।

सफाईकर्मियों का कहना है कि जब तक हिरासत में लिए गए कर्मियों को रिहा नहीं किया जाता, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल के कारण सुपौल शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है और जगह-जगह कचरा जमा होने लगा है। वहीं सफाईकर्मियों ने इस मामले में थाना अध्यक्ष और एक सब इंस्पेक्टर पर कार्रवाई की मांग करते हुए एसपी से शिकायत करने की बात कही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र