सुपौल में 2 अक्टूबर से शुरू होगा मशाल खेल कार्यक्रम, पंचायत स्तर पर प्रतिभाओं की होगी तलाश
सुपौल, 07 सितंबर (हि.स.)। जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 2 अक्टूबर 2026 से विद्यालय स्तर पर मशाल खेल कार्यक्रम की शुरुआत होगी।
कार्यक्रम के माध्यम से जमीनी स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएंगे।कार्यक्रम की तैयारी को लेकर सोमवार को सुपौल एवं किशनपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में पंचायत स्तरीय खेल क्लब के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा, सुपौल ने की। इस दौरान पंचायत स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन, कार्यक्रम की रूपरेखा और अधिक से अधिक बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के तहत 2 अक्टूबर 2026 से अंतर-विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। इसके बाद दिसंबर 2026 में सीआरसी स्तर, जनवरी 2027 में प्रखंड स्तर, फरवरी 2027 में जिला स्तर और मार्च 2027 में राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, साइकिलिंग, कबड्डी, फुटबॉल और वॉलीबॉल को शामिल किया गया है। एथलेटिक्स के तहत दौड़ एवं लंबी कूद की प्रतियोगिता होगी। इसमें अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे।
साइकिलिंग में तीन और पांच किलोमीटर की प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं कबड्डी में सात-सात, फुटबॉल में पांच-पांच और वॉलीबॉल में छह-छह खिलाड़ियों की टीम के अनुसार मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा विभाग की ओर से बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के तकनीकी सहयोग से किया जाएगा।
जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के संचालन में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की प्रमुख भूमिका रहेगी। बैठक में पंचायत स्तरीय खेल क्लब के सदस्यों से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने तथा अधिक से अधिक स्कूली बच्चों को प्रतियोगिताओं से जोड़ने का आह्वान किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

