सुपौल में एलपीजी गैस की स्थिति सामान्य, 13,182 सिलेंडर उपलब्ध
सुपौल, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने तथा कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
जिले की कुल 51 गैस एजेंसियों में से 47 एजेंसियों पर फिलहाल एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, जबकि शेष 5 एजेंसियों पर भी जल्द ही आपूर्ति होने की संभावना है। जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वर्तमान में जिले की गैस एजेंसियों के पास लगभग 13,182 एलपीजी गैस सिलेंडरों का भंडार मौजूद है। बीते दिन 6 अप्रैल 2026 को करीब 4,532 उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वहीं अभी 20,903 उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित है, जिन्हें जल्द आपूर्ति की जाएगी। जिले में औसतन तीन दिनों के भीतर गैस की आपूर्ति की जा रही है और सभी गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रशासन द्वारा बताया गया कि एलपीजी की उपलब्धता पर निगरानी के लिए सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, थाना अध्यक्ष और अन्य संबंधित अधिकारी लगातार उठाव और वितरण पर नजर रख रहे हैं। आज अब तक 51 गैस एजेंसियों में से 21 एजेंसियों की जांच की गई है, जबकि 19 होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई है। घरेलू गैस सिलेंडरों के उठाव और वितरण की निगरानी के लिए समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय, सुपौल में एक जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।
नियंत्रण कक्ष को अब तक 6 कॉल शिकायत या जानकारी के लिए प्राप्त हुई, जिन सभी का समाधान कर दिया गया है। प्रशासन के अनुसार, वर्तमान स्टॉक और बॉटलिंग प्लांट से मिल रही आपूर्ति को देखते हुए जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता पर्याप्त और सामान्य है तथा तत्काल किसी तरह के आपूर्ति संकट की संभावना नहीं है। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

