home page

सुपौल में वज्रपात से युवक की मौत

 | 
सुपौल में वज्रपात से युवक की मौत


सुपौल, 26 मई (हि.स.)। जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हृदयनगर पंचायत में सोमवार देर रात दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई। आकाशीय बिजली गिरने से वार्ड संख्या-01 निवासी 26 वर्षीय जीवन पासवान की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

बताया जा रहा है कि सोमवार शाम से इलाके में तेज आंधी, बारिश और लगातार मेघ गर्जन हो रही थी। इसी बीच खेत में सुखाए गए मक्के में पानी भर जाने की आशंका पर जीवन पासवान घर से बाहर निकला। रात करीब नौ बजे वह खेत की ओर गया था। तभी अचानक तेज चमक के साथ वज्रपात हुआ और वह उसकी चपेट में आ गया।

घटना के समय आसपास मौजूद लोग खराब मौसम को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर चले गए थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, जीवन को भी बाहर नहीं जाने की सलाह दी गई थी, लेकिन वह मोबाइल की रोशनी में खेत और घर के बीच रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान बिजली सीधे उसके ऊपर गिर गई।

वज्रपात इतना तेज था कि युवक का मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गया और शरीर का हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने उसे तत्काल ललित नारायण अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलने पर वीरपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बताया कि मृतक बेहद गरीब परिवार से था। उसकी शादी वर्ष 2018 में हुई थी और पीछे पत्नी समेत तीन छोटे बच्चे हैं। परिवार के सामने अब गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मंगलवार को बसंतपुर अंचलाधिकारी हेमंत कुमार पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया। प्रशासन की ओर से आपदा राहत मद से मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र