सुपौल रेलवे स्टेशन के पास अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवती की मौत
सुपौल, 25 मई (हि.स.)। सुपौल रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार दोपहर एक दर्दनाक रेल हादसे में अज्ञात युवती की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दिल्ली जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 14627 की चपेट में आने से युवती ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसा दोपहर करीब दो बजे उस समय हुआ, जब युवती रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अमृत भारत एक्सप्रेस तेज रफ्तार से स्टेशन की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान युवती अचानक ट्रैक पर पहुंच गई और ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस और रेलकर्मी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से शव को ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया गया। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। समाचार लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि शव की पहचान कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना भेजी गई है। स्थानीय लोगों से भी संपर्क किया जा रहा है ताकि युवती की पहचान हो सके। पहचान होने के बाद परिजनों को तत्काल सूचना दी जाएगी।
इस हादसे के कारण अमृत भारत एक्सप्रेस को सुपौल स्टेशन पर निर्धारित समय से अधिक देर तक रोकना पड़ा। बताया गया कि ट्रेन करीब 15 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन को सरायगढ़-निर्मली रेलखंड के रास्ते आगे रवाना किया गया।घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने लोगों से रेलवे ट्रैक पार करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
अधिकारियों ने कहा कि जल्दबाजी और लापरवाही कई बार बड़े हादसों का कारण बन जाती है। लोगों को केवल निर्धारित रेलवे फाटक और सुरक्षित मार्ग का ही इस्तेमाल करना चाहिए। फिलहाल रेलवे पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

