home page

मंडल कारा के विचाराधीन कैदी की इलाज के दौरान मौत

 | 
मंडल कारा के विचाराधीन कैदी की इलाज के दौरान मौत


मंडल कारा के विचाराधीन कैदी की इलाज के दौरान मौत


सुपौल, 29 मार्च (हि.स.)। जिला मुख्यालय स्थित मंडल कारा में बंद एक विचाराधीन कैदी की इलाज के दौरान मौत हो जाने से रविवार को शहर में तनाव की स्थिति बन गई। मृतक की पहचान पिपरा थाना क्षेत्र निवासी सुबोध सदा के रूप में की गई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सुपौल शहर के महावीर चौक पर सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, सुबोध सदा पिछले लगभग एक वर्ष से पिपरा थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के एक मामले में मंडल कारा में विचाराधीन बंदी के रूप में बंद था। रविवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर जेल प्रशासन द्वारा उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल लाया गया। काराधीक्षक ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग महावीर चौक पर पहुंचकर सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे। जाम के कारण शहर के मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना अध्यक्ष रामसेवक रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि परिजन मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम पर अड़े रहे। परिजनों का कहना है कि मृतक की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए और कम से कम 50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए।

इधर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र