सुपौल में साप्ताहिक समीक्षा बैठक, डीएम ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश
सुपौल, 13 जुलाई (हि.स.)। सुपौल समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के सभी जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया, जबकि जिले से बाहर पदस्थापित अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने न्यायालय से संबंधित लंबित वादों, दाखिल-खारिज के लंबित मामलों, जिला जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों तथा जन संवाद कार्यक्रम के तहत मिले आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का भी आकलन किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और पात्र लाभुकों तक समय पर लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में 'सहयोग पोर्टल' पर ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आम लोगों से जुड़े सभी ऑनलाइन आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) मो. तारीक, अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सतीश कुमार, जिला गोपनीय शाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी विकास कुमार कर्ण, वरीय उप समाहर्ता पुष्पा कुमारी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं जिले से बाहर पदस्थापित अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

