home page

लोक शिकायत निवारण में सुपौल जिला बिहार में प्रथम

 | 
लोक शिकायत निवारण में सुपौल जिला बिहार में प्रथम


सुपौल, 09 जुलाई (हि.स.)। बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन में सुपौल जिले ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

जून 2026 की राज्य स्तरीय रैंकिंग में सुपौल 89.61 अंक प्राप्त कर पूरे बिहार में प्रथम स्थान पर रहा है। यह रैंकिंग निर्धारित मापदंडों और कार्य निष्पादन के आधार पर तय की गई है।

अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण)-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने बताया कि जिले ने समयबद्ध तरीके से परिवादों के निष्पादन और शिकायतों के निवारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

नियत समय-सीमा के भीतर 98.76 प्रतिशत परिवादों के निष्पादन पर जिले को 9.88 अंक प्राप्त हुए। वहीं समीक्षा माह में 100 प्रतिशत मामलों का समय पर निपटारा करने के लिए 30 अंक दिए गए।

रैंकिंग में लोक प्राधिकार की उपस्थिति के मामले में भी सुपौल ने 100 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके अलावा प्रथम अपील के समयबद्ध निष्पादन में 98.95 अंक तथा द्वितीय अपील के समयबद्ध निष्पादन में 98.43 अंक प्राप्त हुए।

शस्ति अधिरोपण एवं अनुशासनिक कार्रवाई के लिए 10 अंक तथा जिला स्तरीय बैठक की कार्यवाही समय पर अपलोड करने के लिए 5 अंक भी जिले को मिले। इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सुपौल ने कुल 89.61 अंक अर्जित कर जून 2026 की राज्य स्तरीय रैंकिंग में पहला स्थान प्राप्त किया।

जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय अधिकारियों एवं कर्मियों की जवाबदेही, समयबद्ध कार्यशैली और लोक शिकायतों के त्वरित निष्पादन को दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र