home page

राजा परीक्षित की कथा सुन भक्ति और ज्ञान की गंगा में डुबकी लगाएंगे श्रद्धालु

 | 
राजा परीक्षित की कथा सुन भक्ति और ज्ञान की गंगा में डुबकी लगाएंगे श्रद्धालु


सुपौल, 18 सितंबर (हि.स.)। शहर के गांधी मैदान में आयोजित गणेश महोत्सव के दौरान श्री अयोध्या धाम से पधारीं कथा व्यास सोनम जी के श्रीमुख से चल रही श्रीमद्भागवत कथा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।

कथा के तृतीय दिवस राजा परीक्षित जी के जीवन से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंग का श्रद्धालु रसपान करेंगे। कथा के दौरान राजा परीक्षित को मिले श्राप से लेकर शुकदेव जी के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण तक की कथा का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। कथा व्यास सोनम जी ने कहा कि राजा परीक्षित का जीवन मनुष्य को अपने जीवन के प्रत्येक क्षण को प्रभु स्मरण और सत्कर्म में लगाने की प्रेरणा देता है।

श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से भगवान की भक्ति, संतों का संग और भगवत श्रवण की महिमा का सुंदर वर्णन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत का श्रवण मनुष्य को जीवन के वास्तविक उद्देश्य की ओर ले जाने का माध्यम है। कथा के तीसरे दिन राजा परीक्षित के जीवन का प्रसंग श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। राजा परीक्षित को मिले श्राप और उसके बाद शुकदेव जी से श्रीमद्भागवत कथा सुनने की पूरी कथा को भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

आयोजन समिति के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा के साथ गणेश महोत्सव मेले में मनोरंजन और खरीदारी की भी विशेष व्यवस्था की गई है। मेले में विभिन्न प्रकार के झूले बच्चों और युवाओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इनमें टोरा-टोरा, टावर झूला, नाव झूला और सुनामी झूला प्रमुख हैं। बच्चों के लिए मिकी माउस, पालकी तथा हाथी-घोड़ा झूले लगाए गए हैं।

मेले में महिलाओं के लिए विशेष रूप से मीना बाजार लगाया गया है, जहां विभिन्न प्रकार की घरेलू सामग्री, सजावटी सामान और अन्य वस्तुओं की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। शाम होते ही मेला परिसर में लोगों की भीड़ बढ़ रही है। धार्मिक आयोजन के साथ मेले का आनंद लेने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी लोग पहुंच रहे हैं।

आयोजन को सफल बनाने में समिति के सचिव ललन कुमार चौधरी, अध्यक्ष राम लखन चौधरी, उपाध्यक्ष उमेश चौधरी, नवीन गुप्ता, उपसचिव बबलू चौधरी, बंटी मिश्रा, प्रवीण कुमार, कोषाध्यक्ष बैजनाथ कुमार (बैजू), मेला प्रभारी राजेंद्र चौधरी, सुमन गुप्ता, पूजा प्रभारी राघव, रोहित, शिवम, आशीष, सिंटू सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। यजमान के रूप में कुंदन जायसवाल भी आयोजन में शामिल हैं।

आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पर पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने और गणेश महोत्सव में सहभागी बनने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र