सुपौल के बलवा पुनर्वास में भीषण अग्निकांड: मां-बेटी जिंदा जलीं, घर राख
सुपौल, 23 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार में सुपौल जिले के नगर परिषद क्षेत्र बलवा अन्तर्गत वार्ड सख्या -01 में हुए अग्निकांड में मां-बेटी की की मौत हो गई। आग प्रमोद पासवान के घर में लगी और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और मकान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद मलबे की जांच के दौरान घर के अंदर सो रही नीलम देवी और उनकी चार वर्षीय पुत्री अंजलि का जला हुआ शव बरामद किया गया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। नीलम देवी सहरसा जिले के बिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत आरण बिशनपुर निवासी पिंटू यादव की पत्नी थीं। उनका प्रेम विवाह हुआ था। घटना के समय वह अपनी पुत्री के साथ मायके, बलवा पुनर्वास गजना चौक स्थित अपने पिता प्रमोद पासवान के घर आई हुई थीं।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या चूल्हे की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

