home page

सुपौल में आंगनवाड़ी सहायिका के खाते में दिखे 740.68 करोड़ रुपये, 2100 रुपये निकालने के बाद खाता हुआ फ्रीज

 | 
सुपौल में आंगनवाड़ी सहायिका के खाते में दिखे 740.68 करोड़ रुपये, 2100 रुपये निकालने के बाद खाता हुआ फ्रीज


सुपौल में आंगनवाड़ी सहायिका के खाते में दिखे 740.68 करोड़ रुपये, 2100 रुपये निकालने के बाद खाता हुआ फ्रीज


सुपौल, 14 जुलाई (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज प्रखंड में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। हरिहरपट्टी पंचायत के वार्ड संख्या-10 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-339 की सहायिका गीता देवी के बैंक खाते में अचानक 740.68 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखाई देने लगी। इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।

जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई को गीता देवी अपने बैंक खाते से पैसे निकालने के लिए गांव के एक कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पहुंचीं। वहां उन्होंने अपने खाते से 2100 रुपये की निकासी की। निकासी सफल होने के बाद जब खाते का बैलेंस देखा गया तो स्क्रीन पर उपलब्ध राशि 7,40,68,72,895.78 रुपये दिखाई दी। इतनी बड़ी रकम देखकर गीता देवी और सीएससी संचालक दोनों हैरान रह गए। सीएससी संचालक ने उन्हें सलाह दी कि यदि यह राशि उनकी नहीं है तो इसकी सूचना तुरंत बैंक को दें। कुछ समय बाद जब दोबारा बैलेंस की जांच की गई तो खाता फ्रीज दिखने लगा।

इसके बाद 10 हजार रुपये निकालने का प्रयास भी असफल रहा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि खाते में इतनी बड़ी राशि किस कारण दिखाई दी। संभावना जताई जा रही है कि यह बैंकिंग सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी, सॉफ्टवेयर त्रुटि या अन्य किसी कारण से हुआ हो। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

संबंधित बैंक और विभागीय स्तर पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खाते में करोड़ों रुपये का बैलेंस दिखने के पीछे वास्तविक वजह क्या थी। फिलहाल यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र