home page

सुपौल में चार नए श्रम संहिताओं को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

 | 
सुपौल में चार नए श्रम संहिताओं को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित


सुपौल, 07 नवंबर (हि.स.)। शनिवार को संयुक्त श्रम भवन, सुपौल में चार नए श्रम संहिताओं को लेकर एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रम अधीक्षक सुशील कुमार यादव ने की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, राघोपुर सुबेश कुमार पासवान ने विभागीय प्रशिक्षण के उपरांत चारों नई श्रम संहिताओं के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। इनमें मजदूरी (वेतन) संहिता, 2019, सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020, औद्योगिक संबंध संहिता, 2020 तथा उपजीविकाजन्य सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्यदशाएं संहिता, 2020 शामिल हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन ने श्रम कानूनों की जानकारी को कामगारों, नियोजकों एवं संबंधित संगठनों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि इन चार श्रम संहिताओं के माध्यम से पूर्व के 29 केंद्रीय श्रम कानूनों को समाहित कर श्रम व्यवस्था को अधिक सरल और व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया गया है। इसके तहत सभी रोजगारों में न्यूनतम वेतन की व्यवस्था, वेतन भुगतान की प्रक्रिया, बोनस, भविष्य निधि (पीएफ), कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआईसी), ग्रेच्युटी और मातृत्व लाभ जैसे महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई।

इसके अलावा गिग वर्कर्स एवं अन्य कामगारों की सामाजिक सुरक्षा, कामगारों को सेवा समाप्ति पर विमुक्ति पत्र, नियमित स्वास्थ्य जांच, कार्य के घंटे, कार्यस्थल पर उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाएं, नियमों के उल्लंघन पर दंडात्मक प्रावधान, समितियों एवं ट्रेड यूनियनों की भूमिका, हड़ताल, छंटनी तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों की बंदी से जुड़े प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति, सुपौल के सदस्य आदित्य कुमार चौधरी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुपौल सदर मिहिर कुमार, पिपरा, अमित कुमार केशरी, बसंतपुर, सुबेश कुमार पासवान, राघोपुर, नितीन कुमार, प्रतापगंज तथा विकास कुमार, किशनपुर सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को नए श्रम कानूनों के प्रावधानों, कामगारों के अधिकारों तथा नियोजकों की जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र