सुल्तानगंज श्रावणी मेला, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन, अधिकारियों ने तैयारियों का लिया जायजा
भागलपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के भव्य आयोजन को लेकर सुल्तानगंज में प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आगामी 28 जुलाई से शुरू हो रहे इस ऐतिहासिक मेले का विधिवत उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कर कमलों द्वारा होना सुनिश्चित हुआ है।।
इस उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के कई दिग्गज मंत्रियों, सांसदों, विधायकों सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। मेले को सुरक्षित, सुगम और भव्य बनाने के उद्देश्य से प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम कुमार मीणा, जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय और आईजी विवेक कुमार ने जिला और प्रखंड के सभी आला अधिकारियों के साथ रविवार को पूरे मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण दल ने नमामि गंगे घाट पर पहुंचकर उद्घाटन स्थल की व्यवस्थाओं को देखा। इसके बाद अधिकारियों ने ऐतिहासिक अजगैविनाथ मंदिर और हेलीपैड स्थल का भी बारीकी से जायजा लिया। प्रमंडलीय आयुक्त और आईजी ने मौके पर मौजूद एसपी, डीएसपी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि उद्घाटन से पहले सभी तरह की आवश्यक तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। डीएम ने बताया, 28 जुलाई को श्रावणी मेले का भव्य उद्घाटन होगा।
उद्घाटन समारोह में शामिल होने वाले विशिष्ट अतिथियों की अंतिम सूची समय रहते साझा कर दी जाएगी। कांवड़ियों की सुविधाओं पर जोर देते हुए डीएम ने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं को हर संभव बेहतर से बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। भीषण गर्मी और तपती धूप को देखते हुए मुख्य सड़कों और कांवड़िया पथ पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाएगा ताकि शिवभक्तों को चलने में कोई परेशानी न हो। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देवघर जाने वाले किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान एडीएम, सिटी एसपी, डीएसपी नवनीत कुमार, सुल्तानगंज थानाध्यक्ष धनंजय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार, अंचलाधिकारी रमण कुमार और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक आनंद सहित विभिन्न विभागों के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने की हिदायत दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

