home page

प्रखंड परिसर स्थित सुधा डेयरी का ताला तोड़ हजारों की चोरी, बढ़ती वारदातों से दुकानदारों में दहशत

 | 
प्रखंड परिसर स्थित सुधा डेयरी का ताला तोड़ हजारों की चोरी, बढ़ती वारदातों से दुकानदारों में दहशत


किशनगंज, 13 जुलाई (हि.स.)। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के प्रखंड परिसर स्थित एक सुधा डेयरी दुकान में चोरों ने ताला तोड़कर हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

घटना का पता सोमवार सुबह उस समय चला, जब दुकानदार रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे। उन्होंने देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखी नकदी गायब है।

दुकानदार ने बताया कि दुकान में रखी हजारों रुपये की नकदी चोरी हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। प्रखंड परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि ठाकुरगंज क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे दुकानदारों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। उनका कहना है कि आए दिन हो रही चोरी की वारदातों के कारण कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है और वे अपनी दुकानों की सुरक्षा को लेकर परेशान हैं।

व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

उनका कहना है कि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसी घटनाओं में और वृद्धि हो सकती है। फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

पुलिस घटना की जांच में जुट गई है तथा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बीच स्थानीय लोगों को पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह