home page

पंचायत सहयोग शिविर का सफल आयोजन, 37 आवेदनों का हुआ निष्पादन

 | 
पंचायत सहयोग शिविर का सफल आयोजन, 37 आवेदनों का हुआ निष्पादन


सहरसा, 01 सितंबर (हि.स.)। जिले के महिषी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत महिसरहो के बाढ़ आश्रय स्थल में मंगलवार को 'पंचायत सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया। इस जन-कल्याणकारी शिविर का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी, दीपेश कुमार और पुलिस अधीक्षक, विक्रम सिहाग द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रजौलित कर किया गया। जन-समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित इस सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 37 आवेदन प्राप्त हुए।

सभी प्राप्त 37 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया एवं निष्पादित मामलों से संबंधित लाभार्थियों को मौके पर ही जिलाधिकारी द्वारा प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, महिषी को सभी जन कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं को आम जन तक सुलभ तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले इन सहयोग शिविरों के प्रति आम लोगों में व्यापक जागरूकता और प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।

इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि अधिक से अधिक ग्रामीण इन शिविरों की जानकारी प्राप्त कर सकें और उनकी समस्याओं का ससमय व पारदर्शी तरीके से समाधान हो सके।

इस अवसर पर सहायक समाहर्ता केतन शुक्ला, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन मुकेश कुमार, महिषी के प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार