जमालपुर–किऊल खंड में एलएचएस बॉक्स की सफल लॉन्चिंग
भागलपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। रेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा सुरक्षा को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने मंडल रेल प्रबंधक मालदा मनीष कुमार गुप्ता के नेतृत्व एवं वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय), मालदा निलेश कुमार गौरव के पर्यवेक्षण में लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 26 एवं 27 के स्थान पर लिमिटेड हाइट सबवे के लिए आरसीसी बॉक्स एवं स्लैब सेगमेंट का सफलतापूर्वक लॉन्चिंग कार्य पूर्ण किया।
यह कार्य जमालपुर–किऊल खंड के अभयपुर–कजरा ब्लॉक सेक्शन में संपन्न किया गया। प्रत्येक लेवल क्रॉसिंग पर कुल 10 आरसीसी बॉक्स सेगमेंट तथा 5 बेस स्लैब सफलतापूर्वक स्थापित किए गए, जो लेवल क्रॉसिंग समाप्ति एवं रेल तथा सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। शैडो ब्लॉक के दौरान इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन सहित विभिन्न विभागों ने कई स्थानों पर व्यापक अनुरक्षण एवं अवसंरचना सुदृढ़ीकरण कार्य भी निष्पादित किए। एलएचएस लॉन्चिंग के सफल निष्पादन के साथ-साथ इन व्यापक अभियंत्रण एवं अनुरक्षण कार्यों से सभी विभागों की सूक्ष्म योजना, उत्कृष्ट समन्वय तथा समर्पित प्रयासों का परिचय मिलता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

