सारण में रिश्वत लेते डोरीगंज थाना के सब-इंस्पेक्टर रंगे हाथ गिरफ्तार
सारण, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर निगरानी विभाग ने कार्रवाई की है डोरीगंज थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर मोहित मोहन को निगरानी विभाग की टीम ने 9,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
यह गिरफ्तारी थाना क्षेत्र स्थित उनके निजी आवास से की गई है। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार दरोगा मोहित मोहन पर आरोप है कि वह स्थानीय भू-माफियाओं के साथ मिलकर एक परिवार को लगातार प्रताड़ित कर रहा था। पीड़ित मन्नू महतो ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे और उसके परिजनों को झूठे मुकदमों में फंसाकर पहले भी जेल भेजा जा चुका है।
हाल ही में डोरीगंज थाना में दर्ज एक मामले में मन्नू महतो के कुछ रिश्तेदारों के नाम हटाने और केस में मदद करने के बदले दरोगा ने 10,000 रुपये की मांग की थी। बाद में सौदा 9,000 रुपये में तय हुआ। बार-बार की प्रताड़ना से तंग आकर मन्नू महतो ने पटना स्थित निगरानी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। विभाग द्वारा मामले के सत्यापन के बाद विजिलेंस डीएसपी वसीम अहमद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
योजना के मुताबिक जैसे ही मन्नू महतो ने रिश्वत की राशि सब-इंस्पेक्टर को सौंपी पहले से घात लगाकर बैठी टीम ने उन्हें दबोच लिया। विजिलेंस डीएसपी वसीम अहमद ने पुष्टि करते हुए बताया कि सब इंस्पेक्टर मोहित मोहन को पार्टी से रिश्वत लेते हुए उनके आवास से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा दरोगा केस से नाम हटाने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे। छपरा सर्किट हाउस में जरूरी दस्तावेजी और कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है, जिसके बाद आरोपी को पूछताछ के लिए पटना ले जाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

