विद्यार्थी सहयोग पोर्टल से हल होंगी छात्रों की समस्याएं, 30 दिनों में होगा निपटारा: डीएम
कटिहार, 20 अगस्त हि.स.)। बिहार सरकार द्वारा छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक और छात्रावास से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान तथा शैक्षणिक सुझावों के लिए शुरू किए गए 'विद्यार्थी सहयोग पोर्टल' का जिले में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से छात्रों की समस्याओं का पारदर्शी समाधान होगा और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक एवं छात्रावास से जुड़ी शिकायतें और सुझाव पोर्टल के माध्यम से कभी भी ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। शिकायत दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा पोर्टल पर प्राप्त सभी परिवादों का 30 दिनों के भीतर निष्पादन कर आवेदक को लिखित सूचना दी जाएगी।
समस्याओं के सीधे और त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक महीने के चौथे मंगलवार को सभी शिक्षण संस्थानों में 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' आयोजित किए जाएंगे, जहां विद्यार्थी सीधे अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रख सकेंगे।
डीएम ने शिक्षा विभाग एवं सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग को निर्देश दिया कि स्कूलों से लेकर विश्वविद्यालयों और छात्रावासों तक बैनर, होर्डिंग तथा सोशल व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जरिए पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। साथ ही अल्पसंख्यक कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के साथ समन्वय बनाकर लक्षित छात्र समूह को जागरूक करने का निर्देश दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

