home page

धन्वंतरी पूजा पर छात्रों ने बनाई सजीव आकृतियां, प्रधानाचार्य ने दी शुभकामनाएं

 | 
धन्वंतरी पूजा पर छात्रों ने बनाई सजीव आकृतियां, प्रधानाचार्य ने दी शुभकामनाएं


भागलपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। स्थानीय मीरानचक स्थित सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर में शुक्रवार को धन्वंतरि पूजा के शुभ अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा एक भव्य एवं प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने भारतीय संस्कृति के शुभ प्रतीकों की जीवंत आकृतियां बनाकर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रों द्वारा बनाई गई भारतीय संस्कृति की शुभ आकृतियां थीं। बच्चों ने स्वयं प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित होकर मानव श्रृंखला और विशेष मुद्राओं के माध्यम से स्वास्तिक, दीपक एवं कलश जैसी पवित्र आकृतियों का निर्माण किया। छात्रों के रूप में सजीं ये भारतीय शुभ आकृतियां अत्यंत ही मनमोहक और वहां मौजूद सभी लोगों के लिए प्रेरणादायी थीं। इसके साथ ही माता लक्ष्मी की विशेष स्तुति की गई और दीप जलाकर विधि-विधान से उनकी आराधना की गई।

मौके पर उपस्थित विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति के पर्व एवं त्यौहार हमारे लिए ऊर्जा एवं प्रेरणा के स्रोत हैं। हमारे देश की संस्कृति की अपनी एक अलग और अनूठी विशेषता है। यहां मनाए जाने वाले पर्वों का अपना एक वैज्ञानिक महत्व और प्रभाव भी होता है।

उन्होंने धन्वंतरि पूजा, दीपावली और महापर्व छठ की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए संदेश दिया कि इन सभी उत्सवों को आनंदपूर्वक मनाएं और इनके सकारात्मक संदेशों को अपने जीवन में उतारें। इस गरिमामयी उत्सव के अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य बंधु-भगिनी, कर्मचारी और मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के इस अनूठे प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर