आईटीआई कॉलेज में विद्यार्थी सहयोग शिविर: डीएम ने कहा- पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का 30 दिनों में होगा समाधान
कटिहार, 22 सितंबर (हि.स.)। कटिहार आईटीआई कॉलेज में मंगलवार को 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी (डीएम) आशुतोष द्विवेदी शामिल हुए। शिविर को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि शैक्षणिक व्यवस्था और छात्रावास से जुड़ी समस्याओं के समयबद्ध और पारदर्शी समाधान के लिए 'विद्यार्थी सहयोग पोर्टल' की शुरुआत की गई है। इस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का 30 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण कर आवेदक को लिखित सूचना दी जाएगी।
डीएम ने बताया कि राज्य सरकार के 'सबका सम्मान, जीवन आसान निश्चय' के तहत अब प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' आयोजित किया जाएगा। विद्यार्थी अपनी शिकायतें व सुझाव रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम आधारित पोर्टल (sahyog.bihar.gov.in) पर किसी भी समय ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने छात्रों को आश्वस्त किया कि दर्ज परिवादों को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा, इसलिए वे बिना किसी भय के अपनी बात रख सकते हैं।
शिविर व पोर्टल संबंधी किसी भी जानकारी के लिए निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 1100 भी जारी किया गया है। कार्यक्रम के दौरान डीएम ने प्रेरक वक्तव्य देकर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें जीवन में स्पष्ट लक्ष्य तय करने की सीख दी। उपस्थित विद्यार्थियों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया।
इस अवसर पर कटिहार सदर के अनुमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी अभिषेक रंजन, कॉलेज के प्रधानाचार्य सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

