नौवीं में नामांकन नहीं मिलने पर भड़के छात्र, पहुंचे डीएम के दरबार
भागलपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले के इंटर स्तरीय तुलसीपुर जमुनिया विद्यालय के छात्रों ने नामांकन को लेकर शुक्रवार को बड़ा विरोध जताया है।
सैकड़ों छात्र-छात्राएं अपनी शिकायत लेकर जिलाधिकारी के जनता दरबार में पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। छात्रों का कहना है कि उन्होंने इसी विद्यालय से आठवीं कक्षा पास की है, इसके बावजूद उन्हें नवमी कक्षा में नामांकन नहीं दिया जा रहा है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य का कहना है कि उन्हें केवल 76 छात्रों के नामांकन की सूची मिली है। जिसके आधार पर ही एडमिशन लिया जा रहा है। इस सूची में स्थानीय और बाहरी दोनों क्षेत्रों के छात्रों के नाम शामिल हैं।
अभिभावकों ने विद्यालय प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नियमानुसार पहले स्थानीय गांव के बच्चों का नामांकन होना चाहिए लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है। जिससे कई छात्र-छात्राएं नामांकन से वंचित हो रहे हैं। छात्रों ने कहा कि अगर उन्हें इसी स्कूल में नामांकन नहीं मिला तो उन्हें दूर के स्कूलों में जाना पड़ेगा, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी। मामले को लेकर अब जिलाधिकारी के हस्तक्षेप का इंतजार किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

