home page

माफियाओं पर कसेगा शिकंजा, अवैध संपत्ति होगी राजसात

 | 
माफियाओं पर कसेगा शिकंजा, अवैध संपत्ति होगी राजसात


किशनगंज, 08 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस सभागार में सितंबर माह की अपराध गोष्ठी एवं पुलिस सभा का आयोजन पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की अध्यक्षता में हुआ।

बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और विधि-व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्षों, अंचल पुलिस निरीक्षकों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। एसपी ने शराब, लॉटरी, मानव तस्करी, पशु, ड्रग्स, बालू, भू-माफिया और इंट्री माफिया समेत सभी प्रकार के संगठित अपराध को जड़ से समाप्त करने का निर्देश दिया।

संगठित अपराधियों को चिह्नित कर उनकी अवैध स्रोत से अर्जित संपत्ति के राजसात के लिए BNSS की धारा 107 के तहत कार्रवाई करने को कहा गया। अनुसंधान में गलत जांच रिपोर्ट देकर अभियोजन को कमजोर करने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध साक्ष्य सहित रिपोर्ट भेजने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस दीदी को ERSS डायल-112 से जोड़ने तथा स्कूल, कॉलेज, कोचिंग, गर्ल्स हॉस्टल और अन्य हॉटस्पॉट पर जनसंवाद व जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।

सभी थानों में शांति समिति का पुनर्गठन कर जनप्रतिनिधियों, युवाओं, व्यवसायियों और अन्य सहयोगी नागरिकों को शामिल करने का निर्देश दिया गया। नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई के लिए गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को सक्रिय रखते हुए अभियान तेज करने और नशामुक्ति के लिए जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। किशनगंज और बहादुरगंज थाना क्षेत्रों में चोरी व गृहभेदन के मामलों के शीघ्र उद्भेदन के लिए एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया गया। आगामी दुर्गापूजा, दीपावली, कालीपूजा और छठ पर्व को देखते हुए पुलिस को लगातार निगरानी, निरोधात्मक कार्रवाई तथा भूमि विवाद और साम्प्रदायिक मामलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

प्रभावी गश्ती, बीट व सेक्टर पुलिसिंग, गुड मॉर्निंग वॉक तथा विवादित भूमि की सूची तैयार कर निगरानी का भी निर्देश दिया गया। अपराधियों को सजा दिलाने में बेहतर कार्य के लिए जिला अभियोजन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार और विशेष लोक अभियोजक मनीष कुमार साह को पुरस्कृत किया गया।गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और बेहतर कांड निष्पादन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों व अनुसंधानकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह