अंतरराज्यीय गिरोह पर कटिहार पुलिस का शिकंजा: 48 घंटे के रिमांड में उगले राज, बंगाल से चोरी की 1.5 किलो चांदी जब्त
कटिहार, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के कदवा थाना क्षेत्र स्थित आभूषण दुकान में हुई चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए कटिहार पुलिस ने पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर से 1.5 किलोग्राम चोरी के चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। इसके साथ ही चोरी का माल खरीदने एवं वारदात में संलिप्त रहने के आरोप में पश्चिम बंगाल निवासी एक अभियुक्त को भी विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस रिमांड में खुले राज, बंगाल में छापेमारी
पुलिस के अनुसार, कदवा थाना कांड संख्या-378/26 के तहत पूर्व में गिरफ्तार तीन अभियुक्तों को पुलिस ने 48 घंटे के रिमांड पर लेकर सघन पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने चोरी की चांदी पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के इटहरा थाना अंतर्गत गोरहरा निवासी रवि घोष (पिता- नरेश चंद्र घोष) को बेची थी। अभियुक्तों की निशानदेही और तकनीकी सूचना के आधार पर कदवा पुलिस की टीम ने पश्चिम बंगाल स्थित रवि घोष के घर पर छापेमारी कर 1.5 किलो चांदी के जेवरात बरामद किए तथा आरोपी रवि घोष को धर दबोचा।
एसआईटी के अनुसंधान में जुड़ी थीं कड़ियां
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बारसोई के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने 8 सितंबर को 84 ग्राम चांदी के जेवरात के साथ मो. अंजार नामक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसी बीच मनिहारी थाना कांड संख्या-420/26 के अनुसंधान के दौरान यह तथ्य सामने आया कि उस मामले में संलिप्त अपराधियों का सीधा संबंध कदवा की चोरी से भी है। इसके बाद मनिहारी और कदवा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 9 सितंबर को तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद यह सफलता हाथ लगी।
16 अगस्त को ज्वेलरी दुकान से हुई थी चोरी
प्राणपुर थाना क्षेत्र के चमनपाड़ा चिकनी टोला निवासी वादी तोहिद आलम ने 16 अगस्त को कदवा थाने में लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया था। उन्होंने बताया था कि वे पिछले चार वर्षों से सिकोरना नूर टोला में इस्ताव अली के मकान में 'सबीला ज्वेलर्स' नाम से दुकान संचालित कर रहे थे, जहाँ अज्ञात चोरों ने चांदी के जेवरातों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। मामले की प्राथमिक दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार गिरोह की तलाश में जुटी हुई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

