अधिवक्ता परिषद की प्रदेश बैठक छपरा में संपन्न, नई कार्यसमिति घोषित
सारण, 26 जुलाई (हि.स.)। विधि मंडल छपरा में अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद की प्रदेश पदाधिकारियाें की बैठक हुई। बैठक का शुभारंभ भारत माता के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। आगत अतिथियों का स्वागत अधिवक्ता प्रकाश रंजन नीकू ने पुष्प गुच्छ और अंग वस्त्र देकर किया।
मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री धरनी धर सिंह ने कहा कि परिषद का मुख्य उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सुलभ न्याय पहुँचाना, भारतीय मूल्यों का पुनरुद्धार करना और अधिवक्ताओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जगाना है। प्रदेश उपाध्यक्ष अमोद कुमार सिंह एवं विनय कुमार झा ने न्यायपालिका में उच्च आदर्श और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक की अध्यक्षता श्याम किशोर मिश्रा ने की तथा संचालन नित्यानंद तिवारी ने किया। इस दौरान सारण जिला कार्यसमिति की घोषणा की गई, जिसमें श्याम किशोर मिश्रा को जिलाध्यक्ष, चंद्रशेखर सिंह को महामंत्री, और नित्यानंद तिवारी को सिविल कोर्ट इकाई का अध्यक्ष चुना गया। मौके पर समीर मिश्रा, अनिल सिंह और विनोद मिश्रा सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

