home page

सुपौल में राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय बालिका खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

 | 
सुपौल में राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय बालिका खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ


सुपौल में राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय बालिका खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ


सुपौल, 19 नवंबर (हि.स.)। जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और बालिका खिलाड़ियों को राज्यस्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से गुरुवार को सुपौल टाउन हॉल में राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय बालिका खेल प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी सावन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर तीन दिवसीय प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न प्रमंडलों से पहुंची अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग की बालिका खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इस राज्यस्तरीय आयोजन में कुल 321 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। इनमें विभिन्न प्रमंडलों से आई 297 बालिका खिलाड़ी, नौ दल प्रभारी तथा 15 तकनीकी पदाधिकारी शामिल हैं। 19 से 21 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

उद्घाटन समारोह में उप विकास आयुक्त हरिहर प्रसाद, अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन, वरीय उप समाहर्ता पुष्पा कुमारी, वरीय उप समाहर्ता अंजू कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी तथा जिला कला, संस्कृति एवं युवा पदाधिकारी तारकेश्वर प्रसाद सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि खेल के क्षेत्र में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है खिलाड़ियों को उचित मंच, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की। इस तरह की प्रतियोगिताएं बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली चयनित खिलाड़ियों को आगे राज्य एवं अन्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन अनुशासन, मेहनत, समर्पण और खेल भावना ही एक अच्छे खिलाड़ी की असली पहचान होती है। सभी खिलाड़ी पूरे उत्साह और लगन के साथ प्रतियोगिता में भाग लें तथा अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करें।

विभिन्न प्रमंडलों से पहुंची खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन की ओर से आवासन एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके ठहरने की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए दल प्रभारियों एवं तकनीकी पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गई हैं।

19, 20 एवं 21 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में तीन आयु वर्गों की खिलाड़ी अपनी मेहनत, कौशल और खेल क्षमता का प्रदर्शन करेंगी। राज्य के विभिन्न प्रमंडलों से बालिका खिलाड़ियों की भागीदारी से आयोजन को विशेष महत्व मिला है। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के साथ आगे की खेल प्रतियोगिताओं में जगह बनाने का अवसर भी मिलेगा।

सुपौल में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जिले के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि बालिकाओं में खेल के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र