home page

बक्सर में राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज, पांच दिनों तक दिखेगा खेल का रोमांच

 | 
बक्सर में राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज, पांच दिनों तक दिखेगा खेल का रोमांच


बक्सर, 19 जुलाई (हि.स.)।

बक्सर के इंडोर बैडमिंटन हॉल में रविवार से राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। बिहार राज्य बैडमिंटन संघ के निर्देश पर जिला बैडमिंटन संघ बक्सर एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 19 से 23 जुलाई तक चलेगी। उद्घाटन जिला पदाधिकारी साहिला ने दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर किया।

उद्घाटन के बाद जिला पदाधिकारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का प्रभावी माध्यम है और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करती हैं।

प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों के एकल और युगल मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिला बैडमिंटन संघ के सचिव उमेश कुमार सिंह ने प्रतियोगिता की रूपरेखा की जानकारी दी, जबकि वाइस सचिव आशुतोष राय ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

उद्घाटन समारोह में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, खेल प्रेमी, अभिभावक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 23 जुलाई को आयोजित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra