home page

संपत्तिमूलक घटनाओं को अंजाम देने वालों की जमानत को रद्द करने को लेकर पुलिस देगी प्रस्ताव

 | 
संपत्तिमूलक घटनाओं को अंजाम देने वालों की जमानत को रद्द करने को लेकर पुलिस देगी प्रस्ताव


भागलपुर, 09 मार्च (हि.स.)। भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार ने सोमवार को कहा कि संपत्तिमूलक घटनाओं को बार-बार अंजाम देने वाले आरोपियों की जमानत को रद्द करने को लेकर पुलिस प्रस्ताव देगी और पुलिस की गश्ती को भी सुदृढ़ किया जाएगा। एसएसपी ने इसके लिए अधीनस्थ पदाधिकारियों और थानेदार को निर्देश दिया है। वैसे आरोपियों की लिस्ट बनाने को कहा गया है जो ऐसी घटनाओं में शामिल रहे हैं। लूट, गृहभेदन, डकैती और छिनतई जैसी घटनाओं में शामिल आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है।

एसएसपी ने गश्ती को बेहतर करने को कहा है। उन्होंने अपने अधीनस्थ वरीय पदाधिकारी को रात्रि गश्ती का निरीक्षण करने को कहा है। उल्लेखनीय है कि गश्ती में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी को पुरस्कृत करने और लापरवाही करने वाले को चिन्हित कर उन्हें प्रशिक्षित करने का निर्देश दिया है। प्रत्येक महीने गश्ती को लेकर पुरस्कृत और दंडित किए जाने को लेकर रिपोर्ट की मांग मुख्यालय ने की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर