6.56 लाख अवैध नेपाली मुद्रा और वाहन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
अररिया 06 सितम्बर(हि.स.)। एसएसबी 56वीं वाहिनी बथनाहा की बाह्य सीमा चौकी बेला के जवानों ने रविवार को अवैध रूप से ले जाई जा रही 6.56 लाख रुपये नेपाली मुद्रा और एक चार-पहिया वाहन महिंद्रा वीरो के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। एसएसबी मुख्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार एसएसबी को गोपनीय सूचना मिली थी कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के बेला वार्ड संख्या 07 से एक चार पहिया वाहन के माध्यम से अवैध नेपाली मुद्रा को भीमनगर,सुपौल की तरफ भेजा जा रहा है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायक उप-निरीक्षक सुनील कुमार मीणा के नेतृत्व में एक विशेष गश्ती दल का गठन किया गया। गश्ती दल ने सीमा स्तंभ संख्या 198/2 से लगभग तीन सौ मीटर भारत की तरफ घेराबंदी की। संदिग्ध सफेद रंग का महिंद्रा वीरो वाहन के आते ही उसे रोककर तलाशी ली गई।
वाहनों की गहन तलाशी के दौरान एक काले रंग की प्लास्टिक की थैली से कुल 6.56 लाख रुपये की नेपाली करेंसी बरामद हुई, जिसमें एक हजार के 458 नोट और पांच सौ के 396 नोट शामिल थे। बरामद राशि के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर मुद्रा एवं वाहन को जब्त कर लिया गया।
पकड़े गए तस्करों में सुपौल के बीरपुर के बौराहा गाँव के 25 वर्षीय रूपेश कुमार यादव पिता सदानंद यादव सुपौल के बनेलीपट्टी के 18 वर्षीय
उदय कुमार पिता उमेश कुमार है।जब्त सामग्री, वाहन एवं गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु सीमा शुल्क कार्यालय फारबिसगंज के सुपुर्द किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

