home page

एसएसबी बनी सड़क दुर्घटना में आठ घायल नागरिकों के लिए देवदूत

 | 
एसएसबी बनी सड़क दुर्घटना में आठ घायल नागरिकों के लिए देवदूत


एसएसबी बनी सड़क दुर्घटना में आठ घायल नागरिकों के लिए देवदूत


पश्चिम चम्पारण (बगहा), 11 सितम्बर(हि.स. )। एसएसबी 21वीं वाहिनी के मुख्यालय गेट नंबर-1 के सामने शुक्रवार को दो ऑटो और एक मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत में एक महिला समेत कुल आठ लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसएसबी 21वीं वाहिनी ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत के निर्देश पर एसएसबी के जवान बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना में घायल सभी लोगों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।

घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए एसएसबी ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने में भी तत्काल पहल की। वाहिनी के चिकित्सा अधिकारी सह उप कमांडेंट डॉ. यादवेंद्र यादव की निगरानी में सभी घायलों को वाहिनी की एंबुलेंस से अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा (SDH) भेजा गया, जहां उनका उपचार शुरू कराया गया।

दुर्घटना के बाद एसएसबी जवानों की तत्परता से घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी। स्थानीय लोगों ने एसएसबी के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सीमा सुरक्षा के साथ-साथ संकट की घड़ी में नागरिकों की सहायता के लिए जवानों का आगे आना समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को दर्शाता है।

एसएसबी 21वीं वाहिनी की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि वर्दी केवल सुरक्षा का प्रतीक नहीं, बल्कि जरूरत के समय मानवता के साथ खड़े होने का भी संकल्प है।

हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी