home page

एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 18 लीटर नेपाली शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

 | 
एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 18 लीटर नेपाली शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार


सुपौल, 02 अगस्त (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर और बिहार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 18 लीटर नेपाली शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

एसएसबी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रविवार को करीब दोपहर 1:15 बजे विशेष गश्ती अभियान के दौरान सीमा स्तंभ संख्या 221/1 के समीप स्पर संख्या-03 के पास नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। पूछताछ में उसने अपनी पहचान दीपक कुमार मुखिया, निवासी ग्राम विष्णुपुर, जिला सप्तरी (नेपाल) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 'कर्णाली गोल्ड' ब्रांड की नेपाली शराब की 300 मिलीलीटर की 60 बोतलें, कुल 18 लीटर शराब बरामद की गई।

बरामद शराब को विधिवत जब्त कर आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कुनौली थाना के हवाले कर दिया गया, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस अभियान में एसएसबी के मुख्य आरक्षी राजीव कुमार तथा बिहार पुलिस के उपनिरीक्षक दिवाकर प्रसाद सहित अन्य सुरक्षा कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

45वीं वाहिनी, एसएसबी बीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए एसएसबी पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस एवं अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सीमा क्षेत्र में ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र