home page

एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा एवं समन्वय को लेकर एपीएफ नेपाल के मध्य समन्वय बैठक आयोजित

 | 
एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा एवं समन्वय को लेकर एपीएफ नेपाल के मध्य समन्वय बैठक आयोजित


एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा एवं समन्वय को लेकर एपीएफ नेपाल के मध्य समन्वय बैठक आयोजित


सुपौल, 30 जून (हि.स.)। जिले के भीमनगर में 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के बीच भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा एवं आपसी समन्वय को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सीमा क्षेत्र की वर्तमान सुरक्षा स्थिति, सीमा पार गतिविधियों, सूचना आदान-प्रदान प्रणाली और संयुक्त कार्रवाई को और प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में बढ़ती मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी तथा अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए संयुक्त रणनीति पर विचार-विमर्श किया।

इस दौरान अवैध आवागमन और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की त्वरित सूचना साझा करने तथा संयुक्त गश्त को अधिक प्रभावी और नियमित बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था और आपसी सहयोग बनाए रखने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया एवं समन्वित सहयोग प्रणाली को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।

वर्तमान बाढ़ के मौसम को देखते हुए सीमा क्षेत्र में सुरक्षा, राहत और बचाव संबंधी तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों ने आपसी विश्वास, सहयोग और समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

एसएसबी की ओर से कमांडेंट गौरव सिंह, उप कमांडेंट हरजीत राव, निरीक्षक हितेश्वरी चौधरी, निरीक्षक गिरिराज प्रसाद मीणा, उपनिरीक्षक अनिल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, एपीएफ नेपाल की ओर से एसपी रोशन (06वीं बटालियन), एसपी श्याम कुमार कार्की (04वीं बटालियन), डीएसपी समशेर कार्की, इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर ऋषि राम और इंस्पेक्टर अनिल कुमार ओली सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और भविष्य में भी इस प्रकार की समन्वय बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने पर सहमति बनी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र