एसएसबी के निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर में 163 पशुओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
सुपौल, 25 जुलाई (हि.स.)। 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर ने नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत शनिवार को सीमा चौकी शैलेशपुर के कार्यक्षेत्र अंतर्गत जीवंत गांव रघुनाथपुर में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट गौरव सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर का उद्देश्य सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों को बेहतर पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा पशुधन के संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूक करना था। शिविर के दौरान 45वीं वाहिनी के पशु चिकित्सक डॉ. सूर्य प्रताप सिंह ने 163 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जरूरतमंद पशुओं को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही पशुपालकों को पशुओं के उचित रख-रखाव, संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण तथा विभिन्न संक्रामक रोगों की रोकथाम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। शिविर से लाभान्वित ग्रामीणों ने 45वीं वाहिनी एसएसबी, बीरपुर के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे सीमावर्ती क्षेत्र के पशुपालकों के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताया और बल के प्रति आभार व्यक्त किया।
एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि 45वीं वाहिनी भविष्य में भी नागरिक कल्याण कार्यक्रमों के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी विकास के लिए इसी प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

