home page

एसएसबी के उप महानिरीक्षक का बीरपुर दौरा, सीमा सुरक्षा और समन्वय पर दिया जोर

 | 
एसएसबी के उप महानिरीक्षक का बीरपुर दौरा, सीमा सुरक्षा और समन्वय पर दिया जोर


सुपौल, 20 मार्च (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल के उप महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ ने पूर्णिया क्षेत्रक मुख्यालय के अंतर्गत 45वीं वाहिनी, बीरपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सीमा चौकी ढाढा में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की तथा भीमनगर चेक पोस्ट का निरीक्षण कर प्रचालन संबंधी गतिविधियों की गहन जांच-पड़ताल की।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने एपीएफ, पुलिस, कस्टम, मद्यनिषेध एवं सिविल प्रशासन के अधिकारियों—एसडीएम एवं एसडीपीओ के साथ समन्वय बैठक की। बैठक में सीमा सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसके पश्चात उप महानिरीक्षक के वाहिनी मुख्यालय आगमन पर क्वार्टर गार्ड द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने परिसर का निरीक्षण किया और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण भी किया।वाहिनी की गतिविधियों को लेकर पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से उन्हें विस्तृत जानकारी दी गई। इसके बाद उन्होंने सैनिक सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों से सीधा संवाद किया और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दौरे के अंतिम चरण में उप महानिरीक्षक सीमा चौकी सतना के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने तैनात कार्मिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र