एसएसबी डीआईजी ने बथनाहा में जवानों के साथ किया सैनिक सम्मेलन
अररिया 31 मार्च(हि.स.)। पूर्णिया रेंज के एसएसबी के डीआईजी मधुकर अमिताभ मंगलवार को बथनाहा स्थित एसएसबी 56 वीं वाहिनी मुख्यालय पहुंचे,जहां एसएसबी 56 वीं वाहिनी के कमांडेंट शाश्वत कुमार के नेतृत्व में डीआईजी मधुकर अमिताभ का बुके और शॉल देकर स्वागत किया गया।तत्पश्चात उप-महानिरीक्षक को अधिकारी मैस में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।जिसके उपरांत एसएसबी डीआईजी द्वारा वाहिनी में वृक्षारोपण किया गया।
वाहिनी मुख्यालय में कार्मिकों का सैनिक सम्मेलन आयोजित हुआ।जिसमें सर्वप्रथम सशस्त्र सीमा बल शीर्षक गीत के साथ सैनिक सम्मेलन की कार्यवाही प्रारंभ की गई। सैनिक सम्मेलन में एसएसबी डीआईजी मधुकर अमिताभ द्वारा सीमा प्रबंधन से संबंधित एवं शारीरिक मानसिक बिन्दुओं पर सभी कार्मिकों को दिशा निर्देश दिए गए तथा जवानों के साथ उत्साहवर्धक संवाद किया गया और अंत में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान कर सैनिक सम्मेलन का समापन किया गया।
मौके पर वाहिनी मुख्यालय के चिकित्सालय एवं संयुक्त अस्पताल बथनाहा में लायंस क्लब फारबिसगंज के टीम द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।एसएसबी डीआईजी ने संयुक्त अस्पताल बथनाहा एवं वाहिनी चिकित्सालय एवं पुस्तकालय का भ्रमण किया।तत्पश्चात वाहिनी मुख्यालय में आयोजित बड़ा खाना में समस्त बल कार्मिकों के साथ भाग लिया।
इस अवसर पर एसएसबी डीआईजी मधुकर अमिताभ,उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) डा.विवेक कुमार माथुर,कमांडेंट
शाश्वत कुमार के साथ एसएसबी के अधिकारीगण एवं अन्य बल कार्मिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

