home page

सीमावर्ती गांवों में एसएसबी ने चलाया जनकल्याण अभियान

 | 
सीमावर्ती गांवों में एसएसबी ने चलाया जनकल्याण अभियान


सुपौल, 17 जुलाई (हि.स.)। वीरपुर स्थित 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने शुक्रवार को सीमावर्ती क्षेत्रों में सामाजिक सरोकारों से जुड़े दो जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए। कमांडेंट गौरव सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत जीवंत गांव पुरैनी उच्च सह प्राथमिक विद्यालय में छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड वितरित किए गए, जबकि शैलेशपुर गांव में पशु चिकित्सा शिविर लगाकर 118 पशुओं का नि:शुल्क उपचार किया गया।

पुरैनी विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आवश्यक स्वच्छता सामग्री उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और साफ-सफाई के महत्व की जानकारी दी गई।

एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ एवं जागरूक बेटियां ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव होती हैं।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि एसएसबी का दायित्व केवल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना भी उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।दूसरी ओर, शैलेशपुर गांव में आयोजित पशु चिकित्सा शिविर में पशु चिकित्सक डॉ. सूर्य प्रताप सिंह ने 118 पशुओं की स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक दवाइयों का नि:शुल्क वितरण किया।

शिविर में पशुपालकों को पशुओं की बेहतर देखभाल, समय पर टीकाकरण और रोगों से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई।इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा, सहायक कमांडेंट मयूर रंगारी, निरीक्षक (सामान्य) राघव झा, विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार, प्रमोद कुमार, बसंतपुर पंचायत की मुखिया नेहा मौसम खैरवार सहित एसएसबी के अधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र