home page

एसएसबी के अपर महानिदेशक ने पनटोका कैंप का किया निरीक्षण

 | 
एसएसबी के अपर महानिदेशक ने पनटोका कैंप का किया निरीक्षण


-सीमा सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

पूर्वी चंपारण,19 मार्च (हि.स.)। जिले के रक्सौल स्थित पनटोका स्थित एसएसबी कैंप का गुरुवार को रेखा लोहानी, अपर महानिदेशक, सशस्त्र सीमा बल द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने 47वीं वाहिनी एसएसबी, रक्सौल के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के क्रम में अपर महानिदेशक भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण अंतर्गत एकीकृत चेक पोस्ट रक्सौल तथा भारत-नेपाल सीमा पर स्थित प्रमुख पारगमन मार्ग मैत्री ब्रिज पहुंचीं। यहां उन्होंने तैनात बलकार्मिकों से सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन नियंत्रण एवं ट्रैफिक जाम की समस्या के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही सीमा से आने-जाने वाले नागरिकों की पहचान एवं जांच-पड़ताल को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इसके पश्चात वे 47वीं वाहिनी के मुख्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने जवानों से ड्यूटी से जुड़ी चुनौतियों एवं उनकी व्यक्तिगत समस्याओं के बारे में जानकारी ली तथा उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने सीमा पर तैनात बलकार्मिकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सतर्कता एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर हरि प्रकाश, उपमहानिरीक्षक, क्षेत्रक मुख्यालय एसएसबी बेतिया, संजय पाण्डेय, कमांडेंट 47वीं वाहिनी, संजय रावत, द्वितीय कमान, मोहन बहादुर छेत्री, एसपी 13वीं बटालियन एपीएफ परसा (नेपाल), कुमार राजीव रंजन, पत्तन प्रशासक (एलपीआई) रक्सौल, दीपक कृष्ण, प्रिय दर्शन अरुण सहित एसएसबी के अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार