home page

नेपाल से तस्करी कर लाए जा रहे 4608 किलो पत्ता गोभी सहित तीन वाहन जब्त,तीन चालक हिरासत में

 | 
नेपाल से तस्करी कर लाए जा रहे 4608 किलो पत्ता गोभी सहित तीन वाहन जब्त,तीन चालक हिरासत में


अररिया 23 सितम्बर(हि.स.)।

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एसएसबी 56वीं वाहिनी की आई-कंपनी फुलकाहा के जवानों ने बड़ी कार्रवाई की है। जवानों ने नेपाल से अवैध तरीके से भारत लाया जा रहा 4,608 किलोग्राम पत्ता गोभी जब्त किया। मौके से तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहनों को जब्त करते हुए तीन चालकों को हिरासत में लिया गया।

एसएसबी मुख्यालय से जारी रिलीज के अनुसार,सूचना के आधार पर उप निरीक्षक रतन कुमार ब्रह्मा के नेतृत्व में विशेष नाका पार्टी गठित की गई। टीम ने कोसीकापुर गांव स्थित श्मशान घाट के पास सीमा स्तंभ संख्या 187/1 की दिशा से आने वाले मार्ग पर करीब एक किलोमीटर अंदर नाकाबंदी की।सुबह करीब साढ़े पांच बजे तीन पिकअप वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। वाहनों से भारी मात्रा में पत्ता गोभी बरामद हुई। हिरासत में लिए गए चालकों में 27 वर्षीय सुमित चौधरी,32 वर्षीय मिथुन कुमार चौधरी,35 वर्षीय पवन कुमार यादव है।

एसएसबी के मुताबिक, पूछताछ में चालकों ने बताया कि पत्ता गोभी नेपाल से मोटरसाइकिल के जरिए कोसीकापुर गांव तक लाई गई थी। इसके बाद उसे वाहनों में लोड कर फारबिसगंज मंडी में ऊंचे दाम पर बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। सामान से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई।एसएसबी ने पत्ता गोभी लड़े महिंद्रा मैजिक संख्या बीआर10जीसी 3416 तथा दो महिंद्रा पिकअप वाहन संख्या बीआर11जीसी 6368 और बीआर 09 एच 1613 को जब्त किया है।एसएसबी ने जब्त पत्ता गोभी, तीनों वाहनों और हिरासत में लिए गए चालकों को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 के तहत अग्रतर कानूनी कार्रवाई के लिए फारबिसगंज सीमा शुल्क (निवारण) प्रमंडल को सौंप दिया है।समवाय प्रभारी सहायक सेना नायक राणा कुमार ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी के खिलाफ एसएसबी का अभियान लगातार जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर